गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र स्थित डी-ब्लॉक इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के निवासियों ने लंबे समय से चली आ रही विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है। डी-ब्लॉक इंद्रप्रस्थ कॉलोनी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के अनुसार कॉलोनी में लगभग 3000 परिवार निवास करते हैं, जिनकी दैनिक आवश्यकताएं विद्युत आपूर्ति पर निर्भर हैं।
RWA का आरोप है कि वर्तमान में डी-ब्लॉक इंद्रप्रस्थ कॉलोनी की विद्युत आपूर्ति श्रीराम कॉलोनी के साथ जुड़े फीडर से की जा रही है, जिसके कारण फीडर पर अत्यधिक भार (ओवरलोडिंग) बना रहता है। परिणामस्वरूप क्षेत्र में बार-बार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज तथा विद्युत आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठकें हो चुकी हैं तथा समस्या को स्वीकार भी किया गया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे कॉलोनीवासियों में रोष व्याप्त है।
RWA ने मांग की है कि डी-ब्लॉक इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के लिए पृथक विद्युत फीडर की व्यवस्था की जाए अथवा कॉलोनी को इंद्रप्रस्थ योजना फीडर से जोड़ा जाए, जिससे विद्युत आपूर्ति सुचारु एवं निर्बाध रूप से संचालित हो सके।
RWA अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र के हजारों निवासी लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं और अब शीघ्र समाधान की अपेक्षा रखते हैं। उन्होंने बताया कि ज्ञापन सौंपने के दौरान अंकित चौधरी (उपाध्यक्ष), जितेंद्र देवलियाल (अध्यक्ष, उत्तराखंड जन कल्याण समिति), मनोज तोमर (उपसचिव), नरेंद्र धामा (प्रवक्ता), दिनेश महतो, जनार्दन प्रसाद, देवेंद्र कुमार पांडे सहित अन्य साथी एवं बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में विद्युत समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कॉलोनीवासी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से बिजली घर परिसर में प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
