केंद्रीय राज्यमंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी को एक अज्ञात नंबर से जान से मारने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। यह सनसनीखेज मामला तब सामने आया जब उनका पश्चिम बंगाल और आगरा का बेहद गोपनीय ‘टूर प्रोग्राम’ लीक हो गया, जिसकी जानकारी केवल कुछ खास लोगों को ही थी। जयंत चौधरी के निजी सहायक विश्वेंद्र शाह ने इस संबंध में दिल्ली के तुगलक रोड थाने में आधिकारिक शिकायत और सारे सबूत सौंप दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब दिल्ली पुलिस के साथ-साथ पश्चिम बंगाल पुलिस भी इस धमकी की जड़ तक पहुंचने में जुट गई है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 18 मार्च 2026 की सुबह पीए विश्वेंद्र शाह के मोबाइल पर एक अज्ञात कॉल आया। कॉलर ने सीधे तौर पर MP5 जैसे घातक हथियारों का जिक्र करते हुए जयंत चौधरी को मारने की धमकी दी। उसने व्हाट्सएप पर मंत्री का वही गोपनीय सरकारी टूर प्लान भी भेजा, जिस पर स्पष्ट रूप से लिखा था – ‘इनको गोली मार दो’। इसके अलावा कई वॉयस मैसेज और लोकेशन भी भेजे गए। जब कॉलर से पूछा गया कि उसके पास यह गोपनीय टूर प्रोग्राम कहां से आया, तो उसने बेखौफ होकर जवाब दिया कि यह उसे ‘ऊपर’ से भेजा गया है। पीए ने अपनी शिकायत में बताया है कि कुछ अज्ञात लोग मंत्री के आवास के पिछले गेट की लगातार जासूसी कर रहे हैं। तीन दिन पहले रात के समय काले शीशे वाली एक सफेद स्विफ्ट कार काफी देर तक कोठी के पास खड़ी देखी गई थी, जिसमें बैठे लोग घर में आने-जाने वालों की निगरानी कर रहे थे। फिलहाल, पुलिस ने कॉल रिकॉर्डिंग और मैसेज सहित सभी डिजिटल साक्ष्य अपने कब्जे में ले लिए हैं और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
