चकराता में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध देवदार लकड़ी ले जाते दो तस्कर गिरफ्तार

देहरादून/चकराता:(जीशान मलिक)प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कानासर रेंज की वन विभाग टीम ने अवैध देवदार लकड़ी की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। रात्रि गश्त के दौरान टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर बोलेरो और स्कूटी समेत 0.550 घन मीटर देवदार प्रकाष्ठ बरामद किया है।

10 मई 2026 की रात करीब 9 बजे वन क्षेत्राधिकारी अवनीश त्रिपाठी अपनी टीम के साथ मिशो/बुधेर बीट क्षेत्र में गश्त पर थे। लोखंडी के पास वन मोटर मार्ग पर बोलेरो संख्या UK16 TA-0490 और स्कूटी संख्या UK16 E-8599 संदिग्ध हालत में दिखीं। रोककर जांच करने पर बोलेरो में अवैध रूप से देवदार की गोल लकड़ी लदी मिली। मौके से देवदार के दो नग प्रकाष्ठ भी बरामद हुए।

वन विभाग की टीम को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से एक कुल्हाड़ी, एक कटार, दो मोबाइल फोन और देवदार के 3 नग गोल प्रकाष्ठ बरामद हुए। कुल बरामद लकड़ी लगभग 0.550 घन मीटर है।

बरामद लकड़ी, दोनों वाहन और अभियुक्तों को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय चकराता लाया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26(1), 32, 33, 41, 42 एवं 52 के तहत केस दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

“गिरफ्तार अभियुक्त”

  1. कासिया उर्फ कार्तिक पुत्र बलिया, निवासी ग्राम लोहारी, चकराता।
  2. रणवीर पुत्र कुमपाल भारती, निवासी ग्राम लोहारी, चकराता।

इस कार्रवाई में वन क्षेत्राधिकारी अवनीश त्रिपाठी, वन दरोगा रमेश, वन बीट अधिकारी अंकित सिंह, वन बीट अधिकारी रजत शर्मा और पीआरडी वाहन चालक शमशेर दास शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!