रहमतपुर गांव में नदी में अवैध खनन..अधिकारियों को ग्रामीणों ने दी सूचना नहीं हुई कोई करवाई,जिलाधिकारी की जनसुनवाई में भी ग्रामीणों ने डीएम को दी सूचना नहीं हुई कोई करवाई..आखिर प्रशासन क्यों मौन

पिरान कलियर:(ब्यूरो जीशान मलिक)थाना पिरान कलियर क्षेत्र के गांव रहमतपुर में रतमऊ नदी में और साथ ही ग्राम समाज की भूमि पर हो रहा अवैध खनन थमने का नाम नहीं ले रहा है।

ग्रामीणों की लगातार शिकायतों, जनसुनवाई में भी जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को दिए गए ज्ञापन और फोटो-वीडियो जैसे ठोस सबूतों के बावजूद प्रशासन की चुप्पी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतने सारे सबूत पाकर भी प्रशासन मौन क्यों है?

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने बीते सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की जानकारी दी थी। उम्मीद थी कि प्रशासन जल्द सख्त कार्रवाई करेगा, मगर खनन कार्य आज भी खुलेआम जारी है। खनन माफियाओं को न तो पुलिस का खौफ है और न ही प्रशासन का।

रोजाना रात-दिन पोकलैंड मशीनों और डंपरों के जरिए रेत-मिट्टी की निकासी की जा रही है। इससे न केवल पर्यावरण को गंभीर नुकसान हो रहा है, बल्कि नदी की धारा और ग्राम समाज की भूमि भी खतरे में पड़ गई है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो गांव की उपजाऊ भूमि पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी।

ग्रामीणों ने खनन निरीक्षक/प्रखन अधिकारी हरिद्वार काजिम रजा पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पिछले एक महीने से लगातार अधिकारी को अवैध खनन की जानकारी दी थी और कई बार फोटो व वीडियो सबूत भी भेजे, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

शुरुआत में अधिकारी ने केवल आश्वासन दिया, लेकिन बाद में उन्होंने ग्रामीणों के फोन तक उठाने बंद कर दिए। इससे गांव के लोगों में आक्रोश और ज्यादा बढ़ गया है।

स्थानीय मीडिया के माध्यम से भी इस मुद्दे को कई बार उठाया जा चुका है।लेकिन अब तक प्रशासनिक टीम की कोई सक्रियता देखने को नहीं मिली है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में खनन पर रोक नहीं लगी तो वे जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना देने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *