
हरिद्वार:(जीशान मलिक)आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला अधिकारी सोनिका ने सीसीआर भवन में अखाड़ों के महंतों एवं प्रतिनिधि संतों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में आगामी कुंभ मेले के दौरान अखाड़ों की व्यवस्थाओं तथा मेले की समग्र तैयारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर अखाड़ों एवं साधु-संतों की सम्मति के अनुरूप कुंभ मेला-2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई गई। अखाड़ों की ओर से कहा गया कि अमृत स्नान पर्वों पर परंपरानुसार भव्य पेशवाईयां निकाली जाएंगी। बैठक में अखाड़ों की छावनी आवंटन, पेशवाई की व्यवस्थाएं, अमृत स्नान की तैयारियां, शिविरों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा अग्नि सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मेला अधिकारी सोनिका ने कुंभ क्षेत्र में निर्माणाधीन कार्यों एवं प्रस्तावित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संत समाज को आश्वस्त किया कि कुंभ मेला-2027 को दिव्य एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए राज्य सरकार एवं मेला प्रशासन पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अखाड़ों की परंपराएं एवं धार्मिक गरिमा कुंभ मेले की आत्मा हैं, अतः सभी व्यवस्थाएं उनकी गरिमा के अनुरूप सुनिश्चित की जाएंगी।
अखाड़ों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। प्रत्येक अखाड़े से निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखने हेतु मेला प्रशासन द्वारा अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मेला अधिकारी ने कहा कि अखाड़ों की छावनियों एवं साधु-संतों के कुंभ शिविरों के लिए भूमि आवंटन की रूपरेखा को एक माह के भीतर अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
बैठक में निरंजनी अखाड़ा के महंत रविंद्र पुरी, जूना अखाड़ा के महंत हरि गिरी, पंच अग्नि अखाड़ा के महंत साधनानंद गिरी, महोदरानंद गिरी, दुर्गा गिरी, कंचन गिरी तथा पंच दशनाम आह्वान अखाड़ा के महंत सत्य गिरी, धनराज गिरी सहित अखाड़ों के अन्य प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 के सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन के लिए सभी अखाड़े पूर्ण सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती ने अखाड़ों के प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि कुंभ मेला के सुव्यवस्थित आयोजन तथा साधु-संतों एवं अखाड़ों की सुविधाओं से संबंधित निर्णयों पर तत्परता से कार्रवाई करने के लिए मेला प्रशासन वचनबद्ध है। बैठक में एसपी सिटी अभय सिंह, उप मेला अधिकारी आकाश जोशी, मनजीत सिंह गिल, सीओ (ट्रैफिक) बिपेंद्र सिंह, व्यवस्था अधिकारी विकास शर्मा सहित मेला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
