अफशां अंसारी की तलाश में गाजीपुर-मऊ में ताबड़तोड़ छापेमारी, कई ठिकानों पर पुलिस का सर्च ऑपरेशन

गाजीपुर/मऊ। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और मऊ जिलों में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने दिवंगत पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां अंसारी की गिरफ्तारी के लिए बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। अफशां अंसारी लंबे समय से फरार चल रही हैं और उन पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गाजीपुर और मऊ पुलिस की संयुक्त टीमों ने कुल सात संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। गाजीपुर जिले में मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के दो स्थानों तथा सैदपुर थाना क्षेत्र के एक ठिकाने पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। वहीं मऊ जिले में मुख्तार अंसारी के नेटवर्क से जुड़े चार अलग-अलग ठिकानों को खंगाला गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस की एक टीम मऊ के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र स्थित मिर्जाहादीपूरा इलाके में समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व चेयरमैन तैयब पालकी के आवास पर पहुंची। महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पूरे घर की गहन तलाशी ली गई। तैयब पालकी को मुख्तार अंसारी का करीबी माना जाता है। हालांकि मीडिया से बातचीत में उन्होंने किसी भी जानकारी से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस ने पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया।
एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने अभियान की पुष्टि करते हुए बताया कि अफशां अंसारी कई मामलों में वांछित हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस हर उस ठिकाने पर नजर रखे हुए है, जहां उनके छिपे होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि अफशां अंसारी, मऊ सदर विधायक अब्बास अंसारी की मां हैं और कई आपराधिक मामलों में वांछित चल रही हैं। पुलिस की यह कार्रवाई मुख्तार अंसारी के नेटवर्क को ध्वस्त करने और फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।
मुहम्मदाबाद कोतवाल वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि अफशां अंसारी की तलाश में पुलिस ने उनके सहयोगी मंसूर अंसारी और गौस मोइनुद्दीन के घर भी दबिश देकर पूछताछ की है।
अचानक हुई इस बड़ी कार्रवाई से गाजीपुर और मऊ के राजनीतिक व प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!